
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
ज्ञानपुर (भदोही)। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर में साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग टोलियों में जवानों की ड्रिल का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुशासन, एकरूपता और ड्यूटी में बेहतर दक्षता बनाए रखने के लिए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
परेड के बाद एसपी ने अर्दली रूम में महत्वपूर्ण रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय से अपडेट रखने और व्यवस्थित तरीके से रखे जाने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 पीआरवी और डॉग स्क्वाड टीम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीआरवी वाहनों और पुलिस उपकरणों की स्थिति, रखरखाव और काम करने की क्षमता की जांच की। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने संबंधित प्रभारियों को वाहनों और उपकरणों को हमेशा चालू हालत में रखने तथा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
