बाराबंकी । जनपद के ब्लॉक बनीकोडर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवीगंज में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से चल रहे चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे ‘श्रीराम मेडिकल स्टोर’ और उससे बेसमेंट में चल रहा अवैध क्लिनिक को सीएचसी अधीक्षक द्वारा छापेमारी कर सीज कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से देवीगंज क्षेत्र में अवैध और बिना कागजात के मेडिकल स्टोर और क्लिनिक संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बनीकोडर सीएचसी अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ मौके पर औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान जब ‘श्रीराम मेडिकल स्टोर’ के संचालक हरिशंकर यादव से दुकान और क्लिनिक के संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज और ड्रग लाइसेंस मांगे गए, तो संचालक कोई भी संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर सका। बिना किसी कानूनी मान्यता और डिग्री के मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किए जाने का मामला सामने आने पर सीएचसी अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए श्रीराम मेडिकल स्टोर और क्लिनिक को सीज कर दिया।

क्या कहा सीएचसी अधीक्षक ने
सीएससी अधीक्षक ने कहा क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध रूप से क्लीनिक या मेडिकल स्टोर संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। जो भी बिना कागजात या बिना वैध डिग्री के क्लीनिक चलाकर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य फर्जी और अवैध रूप से क्लीनिक चला रहे झोलाछाप डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
