भदोही, 27 जुलाई। भदोही जनपद के ऊंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर वहीदानगर मोड़ के समीप प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर मोपेड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोपेड सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में मौजूद यात्रियों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीगंज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही ऊंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए बस चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक की पहचान कपूर चंद गुप्ता (60) पुत्र चुन्नीलाल, निवासी सगरा दसाराम पट्टी, थाना कोइरौना के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कपूर चंद गुप्ता घर से बिजली का बिल जमा करने के लिए पावर हाउस जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी, जिससे उनकी जान चली गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
