पड़ोसी के घर में शरण लेकर गुजर-बसर करने को मजबूर, प्रशासन से मदद की गुहार
पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला बहराइच
पयागपुर (बहराइच)। लगातार हो रही बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। पयागपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 में भारी बरसात के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-2 निवासी मोनू कश्यप पुत्र भवानी प्रसाद का कच्चा मकान बारिश के चलते अचानक गिर गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर थे, जिससे किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन मकान गिरने के बाद परिवार का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया।
पीड़ित परिवार के पास फिलहाल रहने के लिए कोई दूसरा मकान नहीं है। मजबूरी में परिवार पड़ोसी के मकान में रहकर किसी तरह अपना गुजर-बसर कर रहा है। बारिश के इस मौसम में सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत नहीं होने से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पीड़ित मोनू कश्यप ने प्रशासन से आवासीय सहायता एवं आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को जल्द सुरक्षित आशियाना मिल सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है।
