अयोध्या। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद पूज्य महंत संजय दास जी महाराज को लगातार देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में आज अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी पहुंचकर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रिजभूषण शरण सिंह तथा दाऊ जी ने महंत संजय दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि महंत संजय दास जी महाराज लंबे समय से धर्म, समाज और सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में उनकी नियुक्ति पूरे संत समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महंत संजय दास अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संत समाज की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से देशभर में पहुंचाएंगे।
महंत संजय दास जी महाराज ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत समाज की एकता, सनातन धर्म की गरिमा और समाजहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
हनुमानगढ़ी में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं समर्थकों की उपस्थिति रही। सभी ने महंत संजय दास जी महाराज को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना।
