संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 18 अगस्त 2026। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

फैमिली आईडी बनाने की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को काम में तेजी लाने और तय लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में बी, सी और डी श्रेणी में रहने वाले विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारकर ए श्रेणी में आने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभोली के निर्माण में धीमी प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम, सोनभद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की जांच रिपोर्ट हर महीने उपलब्ध कराने और 15 दिन में जरूरी कार्रवाई करने को कहा।
पर्यटन विभाग की धीमी प्रगति पर पर्यटन अधिकारी बृजेश यादव का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं, सेतु और नई सड़कों के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कड़ी चेतावनी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना में डीएम ने केवल पात्र लोगों को ही लाभ देने के निर्देश दिए। अपात्र व्यक्ति को लाभ मिलने पर धनराशि की वसूली करने और लापरवाही पर संबंधित खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
बारिश को देखते हुए सभी गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने और वहां जरूरी सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य समय पर और तय गुणवत्ता के अनुसार पूरा करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
