लापरवाही के आरोप; डॉक्टर समेत चार कर्मियों पर कार्रवाई
बहराइच। जिले के मेडिकल कॉलेज में एक गर्भवती महिला द्वारा अस्पताल के फर्श पर मृत नवजात को जन्म देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और सीएमएस मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। प्रिंसिपल ने बताया कि महिला को भर्ती किए जाने के समय ही गर्भस्थ शिशु की धड़कन नहीं मिल रही थी। अल्ट्रासाउंड जांच में भी शिशु की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी थी।
हालांकि अस्पताल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की चूक स्वीकार करते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर एक डॉक्टर और तीन स्टाफ नर्सों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
