भदोही। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम के भदोही आगमन पर सोमवार को नगर के हरियाव स्थित भाजपा काशी क्षेत्र के मंत्री आशीष सिंह बघेल के आवास पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। पूरे परिसर में भारत माता की जय और भाजपा के पक्ष में गगनभेदी नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने, केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित कराने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति से है। प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर जनता की समस्याओं को सुने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे भाजपा काशी क्षेत्र के मंत्री आशीष सिंह बघेल ने राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनका भदोही आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ता अधिक उत्साह के साथ पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में संगठनात्मक विषयों, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद भदोही के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल मिश्रा, संतोष पाण्डेय, हौसिला प्रसाद पाठक, विनय श्रीवास्तव, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष विनय पाण्डेय (गोरेलाल), प्रदीप सिंह, बंशीधर उपाध्याय, संगीता खन्ना, अशोक पाठक, रामराज प्रजापति, बाबा गौड़, संतोष तिवारी, हरीश सिंह, सुमित सिंह, संजय श्रीवास्तव, अंकित दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैकड़ों समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने राष्ट्रीय महामंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन में अनुशासन, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा।
