
ब्यूरो, पुलिस दर्पण, लखनऊ
लखनऊ। राजधानी में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक फार्मा प्रतिष्ठान में कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नारकोटिक और साइकोट्रोपिक दवाएं बरामद कीं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन वासवानी, समीर अहमद, शाद इरशाद, उमेश कुमार, सतेंद्र सिंह और विशाल चौरसिया के रूप में हुई है। जांच टीम ने मौके से कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल कैप्सूल और अल्प्राजोलम टैबलेट सहित प्रतिबंधित दवाओं का बड़ा स्टॉक बरामद किया। बरामदगी में 100 एमएल की 720 बोतल ओनेरेक्स कफ सिरप, ट्रामाडोल युक्त 1,20,000 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 9,60,000 गोलियां शामिल बताई गई हैं।
ANTF को आशंका है कि इन दवाओं की आपूर्ति अवैध तरीके से विभिन्न स्थानों पर की जा रही थी। कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि प्रतिबंधित दवाओं की खरीद कहां से की गई और इनके पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दस्तावेजों और लेन-देन से संबंधित जानकारी भी खंगाली जा रही है। बरामद दवाओं के नमूनों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
