आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा, 7 अगस्त। महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट वूमेन क्राइम’ अभियान के तहत थाना एत्माद्दौला पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 2 अगस्त 2026 को थाना एत्माद्दौला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नगला पदी निवासी सूरज ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। साथ ही महिला और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर थाना एत्माद्दौला में मुकदमा संख्या 242/2026 के तहत धारा 69, 115(2) एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 6 अगस्त को नुनिहाई फैक्ट्री एरिया स्थित दाऊजी स्वीट्स के पास से आरोपी सूरज पुत्र अशोक उर्फ पप्पू, निवासी नगला पदी, थाना न्यू आगरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध एत्माद्दौला थाने में पहले से भी एक अन्य आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार दुबे, उपनिरीक्षक योगेश कुमार एवं हेड कांस्टेबल अभित कुमार की टीम शामिल रही।
