बदायूँ के विधान सभा क्षेत्र सहसवान से 4 बार विधायक रहे सपा के पूर्व ग्राम विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
संभल से ए के गोयल की रिपोर्ट
75 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से निधन | विधायक बृजेश यादव के पिता थे | पैतृक गांव सिंघौला पुख्ता में ली अंतिम सांस
संभल / बदायूँ
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सहसवान विधानसभा से 4 बार विधायक रहे पूर्व ग्राम विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव का गुरुवार शाम निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक गांव सिंघौला पुख्ता स्थित निजी आवास पर शाम करीब 5 बजे अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। वह 75 वर्ष से अधिक आयु के थे।

ओमकार सिंह यादव वर्तमान सहसवान विधायक बृजेश यादव के पिता थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे सहसवान क्षेत्र और संभल जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
क्षेत्र की शान थे ओमकार सिंह:
ओमकार सिंह यादव सहसवान क्षेत्र की शान माने जाते थे। वह चार बार सहसवान विधानसभा से विधायक रहे और प्रदेश सरकार में ग्राम विकास राज्यमंत्री का दायित्व भी संभाला। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कई काम किए और सहसवान का नाम रोशन किया।
नेताओं ने जताया शोक:
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि “ऐसे कर्मठ और जुझारू नेता की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने हमेशा गरीब, किसान और मजदूर की आवाज उठाई।” लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
अंतिम संस्कार:
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार में पैतृक गांव सिंघौला पुख्ता में अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों और नेताओं का आना शुरू हो गया है।
