ब्यूरो पुलिस दर्पण, भदोही
भदोही। जनपद भदोही में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में भदोही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹10 हजार के इनामी गैंगस्टर परवेज आलम को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज आलम पुत्र शमशेर आलम उर्फ लड्डू, निवासी बाजार सरदार खान, थाना भदोही के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना भदोही में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार परवेज आलम संगठित गिरोह बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और छलपूर्वक धन हड़पने जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। इतना ही नहीं, पैसे वापस मांगने पर पीड़ितों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी देता था। इन गंभीर मामलों को देखते हुए उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर भदोही पुलिस ने सटीक रणनीति बनाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि जनपद में अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी इनामी या फरार अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भदोही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपराधियों से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

