आगरा से ब्यूरो चीफ एन .कुमार की रिपोर्ट
आगरा, 03 जुलाई।
थाना न्यू आगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बच्ची को महज 05 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 02 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना न्यू आगरा में सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री शाम करीब चार बजे अब्बूलाला की दरगाह के पास खाने-पीने का सामान लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले में महिला की तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा संख्या 255/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बच्ची की सकुशल बरामदगी और अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को फाउंड्री नगर चौकी क्षेत्र स्थित कबीर आश्रम जाने वाले मार्ग से आरोपी दीपक पुत्र तोफान सिंह, निवासी पैंतखेड़ा, थाना खंदौली, जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
