आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
किराये की स्कूटी लेकर गिरवी रख उड़ाते थे मौज
दो शातिर गिरफ्तार, 6 स्कूटी और 2 मोबाइल बरामद, मथुरा-आगरा में फैला था धोखाधड़ी का नेटवर्क
आगरा। किराये पर स्कूटी लेकर उन्हें गिरवी रखकर मोटी रकम ऐंठने वाले अन्तरजनपदीय गिरोह का थाना रकाबगंज पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने फिरोजाबाद के दो शातिर युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद स्कूटियों में दो स्कूटी आगरा के राज मोटर्स से किराये पर ली गई थीं, जबकि चार स्कूटी मथुरा से किराये पर लेकर हड़पी गई थीं।

पुलिस के अनुसार, चीलगड़ स्थित राज मोटर्स के संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवकों ने अलग-अलग तारीखों में किराये पर स्कूटी ली, लेकिन तय समय पर वापस नहीं लौटाई। तहरीर के आधार पर थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन के पास से रिषभ पाराशर और रिषभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न शहरों से किराये पर स्कूटी लेकर उन्हें गिरवी रख देते थे और मिले पैसों से मौज-मस्ती करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल छह स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस उनके अन्य आपराधिक मामलों और गिरोह से जुड़े संभावित साथियों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना रकाबगंज के थानाध्यक्ष योगेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, वरुण सिंह, श्याम सुंदर तथा पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
