
रामकुमार ब्यूरो कानपुर देहात
रसूलाबाद। विकासखंड रसूलाबाद क्षेत्र में विकसित भारत फार रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के कार्यों की जमीनी स्थिति जांचने पहुंचे संयुक्त विकास आयुक्त प्रवीण कुमार ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक कार्यस्थल पर 430 जॉब कार्ड धारकों के सापेक्ष मात्र 20 मजदूर काम करते मिले। स्थिति पर अधिकारियों को कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।
संयुक्त विकास आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति श्रमिकों की उपस्थिति मस्टर रोल और जॉब कार्ड से संबंधित अभिलेखों की जांच की। मौके पर अपेक्षित संख्या में श्रमिकों के न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि उक्त योजना के तहत स्वीकृत कार्यों में अधिक से अधिक जॉब कार्ड धारकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। श्रमिकों की उपस्थिति और मस्टर रोल में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही कार्यस्थलों पर आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
संयुक्त विकास आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित निरीक्षण कर कमियों को दूर करने और मनरेगा कार्यों की गुणवत्ता व रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत सचिओ के अलावा खंड विकाश अधिकारी विपुल विक्रम सिंह एडीओ पंचायत सतेंद्र शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे ।
