आगरा। छह दिन से लापता परिवार का चहेता पालतू तोता ‘माऊ’ आखिरकार सुरक्षित अपने घर लौट आया। 13 जुलाई से गायब हुए इस तोते के मिलने के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और बच्चों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।

बोदला कान्हा रेजिडेंसी निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार के परिवार का पालतू तोता ‘माऊ’ शास्त्रीपुरम के एक परिवार को सुरक्षित मिला। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए तोते को उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया। अपने वादे के अनुसार अधिवक्ता सुनील कुमार ने तोता लौटाने वाले परिवार को ₹50 हजार का इनाम दिया।
‘माऊ’ की तलाश में परिवार ने पूरे शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाए थे। इस दौरान कई फर्जी कॉल भी आए, जिनमें कुछ लोगों ने पहले पैसे मांगने की कोशिश की, जबकि कुछ लोग ‘माऊ’ जैसा दूसरा तोता लेकर इनाम लेने भी पहुंच गए। हालांकि परिवार ने पूरी सावधानी बरती और आखिरकार असली ‘माऊ’ सुरक्षित वापस मिल गया।
घर लौटने के बाद अधिवक्ता सुनील कुमार ने ‘माऊ’ का हेल्थ चेकअप भी कराया, जिसमें उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। छह दिन बाद अपने चहेते साथी के लौटने से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है।
