
राम बारात मार्ग का होगा निरीक्षण, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश
आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। ताजगंज की ऐतिहासिक 69वीं श्रीराम बारात शोभायात्रा को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन से पहले बारात मार्ग की बदहाल सड़कों, प्रकाश व्यवस्था, सफाई और जल निकासी जैसी समस्याओं को लेकर श्रीराम बारात कमेटी ताजगंज का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से मिला।
कमेटी के महामंत्री राकेश अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के समक्ष राम बारात मार्ग की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, विशेष सफाई अभियान चलाने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग रखी।
महामंत्री राकेश अग्रवाल ने कहा कि ताजगंज की श्रीराम बारात पिछले 69 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ आगरा की सांस्कृतिक विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शोभायात्रा में शामिल होते हैं। उन्होंने आयोजन में नगर निगम की ओर से मिलने वाले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रीराम बारात से पूर्व बारात मार्ग और ताजगंज क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कमेटी के मीडिया प्रभारी चेतन अरोड़ा ने बताया कि बारात की तैयारियों को लेकर कमेटी प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर रही है। उद्देश्य है कि इस वर्ष की श्रीराम बारात भव्यता के साथ-साथ बेहतर व्यवस्थाओं के लिए भी यादगार बने।
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष हरि सिंह बघेल (बेदरिया राम गजक वाले), उपाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता (विझामई वाले), महामंत्री राकेश अग्रवाल, संयोजक महेश प्रजापति, मीडिया प्रभारी चेतन अरोड़ा, मंत्री कुलदीप शिवहरे एवं रवि माहौर मौजूद रहे।
