
रोज बनते थे 10-12 हजार नकली सिक्के, टोल प्लाजा से शराब ठेकों तक फैला था नेटवर्क
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। सहारनपुर में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नकली सिक्के बनाने और उन्हें बाजार में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें भदोही निवासी अनुराग पाल भी शामिल है।
पुलिस का दावा है कि गिरोह अब तक करीब 70 करोड़ रुपये के नकली सिक्के बाजार में खपा चुका है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 रुपये के हजारों नकली सिक्के, छह मशीनें, सिक्के बनाने वाली डाई, वाहन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह रोजाना करीब 10 से 12 हजार नकली सिक्के तैयार करता था।
10 फीसदी कमीशन पर बाजार में खपाते थे
गिरोह तैयार नकली सिक्कों को बाजार में चलाने के लिए टोल प्लाजा, दुकानदारों और शराब के ठेकों को निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक संबंधित लोगों को करीब 10 प्रतिशत कमीशन देकर नकली सिक्के खपाए जाते थे। इस तरह गिरोह ने बड़े पैमाने पर नकली सिक्कों को बाजार में पहुंचाया।
सोनीपत में फैक्ट्री, सहारनपुर में नया ठिकाना
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह ने हरियाणा के सोनीपत में नकली सिक्के बनाने की फैक्ट्री संचालित कर रखी थी। अब सहारनपुर में भी नया ठिकाना तैयार करने की तैयारी थी। पुलिस ने इससे पहले ही कार्रवाई कर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।
भदोही कनेक्शन की जांच तेज
अनुराग पाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके संपर्कों और गिरोह में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली सिक्कों की सप्लाई का नेटवर्क भदोही और आसपास के जिलों तक कितना फैला हुआ है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
