आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
विशेष ट्रेनें चलेंगी; कई ट्रेनों का विस्तार और अतिरिक्त ठहराव
आगरा। गोवर्धन परिक्रमा एवं गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आगरा मंडल ने 23 से 31 जुलाई 2026 तक विशेष रेल व्यवस्था लागू की है। इस अवधि में विशेष मेमू सेवाएं चलाई जाएंगी, कई नियमित ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा तथा प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को मथुरा जंक्शन और आगरा छावनी पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार वीरांगना लक्ष्मी बाई झांसी–आगरा छावनी (11901/11902) ट्रेन का विस्तार डीग तक किया गया है। गाड़ी संख्या 11901 का संचालन 29 और 30 जुलाई को झांसी से डीग तक तथा 11902 का संचालन 30 और 31 जुलाई को डीग से झांसी तक होगा। यह ट्रेन आगरा छावनी, मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर, मोरा, राधाकुंड और गोवर्धन सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
वहीं नई दिल्ली–आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस (14212/14211) को ग्वालियर तक विस्तारित किया गया है। 14212 का संचालन 24 से 31 जुलाई तक नई दिल्ली से ग्वालियर तथा 14211 का संचालन 25 जुलाई से 1 अगस्त तक ग्वालियर से नई दिल्ली के बीच होगा। विस्तारित सेवा धौलपुर और मुरैना होते हुए चलेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 से 31 जुलाई तक आगरा छावनी–मथुरा जंक्शन के बीच प्रतिदिन विशेष मेमू सेवाएं भी संचालित होंगी। इनका ठहराव आगरा छावनी, राजा की मंडी, बिल्लोचपुरा, रुनकता, कीठम, दीनदयाल धाम, फराह, बाद और मथुरा जंक्शन सहित मध्यवर्ती स्टेशनों पर रहेगा।
इसके अलावा 12652 निजामुद्दीन–मदुरै एक्सप्रेस, 12708 निजामुद्दीन–तिरुपति एक्सप्रेस, 12642 निजामुद्दीन–कन्याकुमारी एक्सप्रेस तथा 12650 निजामुद्दीन–यशवंतपुर एक्सप्रेस को मेले के दौरान मथुरा जंक्शन और आगरा छावनी पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। (12642 को मथुरा पर अतिरिक्त ठहराव मिलेगा, जबकि आगरा छावनी पर इसका पूर्ववत ठहराव रहेगा।)
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के समय और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त करें तथा सुरक्षित और सुगम यात्रा में रेलवे का सहयोग करें।
