आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा, 7 अगस्त। शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट, चोरी और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में लगातार संलिप्त रहने वाले हिस्ट्रीशीटर सोहेल पुत्र जमील को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। आदेश के अनुसार अब वह अगले छह माह तक जनपद आगरा की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त नगर के नेतृत्व तथा अपर पुलिस आयुक्त के आदेश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है। पुलिस के अनुसार सोहेल के खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2019 से लगातार सक्रिय रहा है।
जिला बदर की कार्रवाई के तहत यदि अभियुक्त आदेश का उल्लंघन कर आगरा की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद सिराज हुसैन, उपनिरीक्षक सुमित कुमार तथा हेड कांस्टेबल आशीष मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
