
आगरा ब्यूरो कार्यालय संवाददाता
₹33.45 करोड़ से बनेगा क्रॉसिंग स्टेशन, नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
आगरा। आगरा मंडल के भांडई–उदीमोड़ रेलखंड स्थित बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन के विकास को गति मिल गई है। वर्तमान में डी श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन के रूप में संचालित बटेश्वर को अब बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
परियोजना पर करीब ₹33.45 करोड़ खर्च होंगे और इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दो लूप लाइनें बनेंगी, बढ़ेगी ट्रेनों की क्षमता
स्टेशन के उन्नयन के बाद ट्रेनों की क्रॉसिंग और ओवरटेकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना के तहत 750 मीटर लंबी दो लूप लाइनें, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे रेल परिचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी होगा।
आधुनिक यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार
बटेश्वर स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म के साथ सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस समेत आवश्यक यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। दिव्यांगजन के लिए भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आधुनिक सिग्नलिंग से सुरक्षित होगा संचालन
स्टेशन पर आधुनिक सिग्नलिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित होगी। दोनों लूप लाइनों के अनुरूप ओएचई में संशोधन के साथ इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक इंस्टॉलेशन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
धार्मिक-पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
यमुना किनारे स्थित बटेश्वर अपने प्राचीन शिव मंदिरों, धार्मिक महत्व और प्रसिद्ध पशु मेले के लिए देशभर में पहचान रखता है। यह पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली से भी जुड़ा क्षेत्र है। स्टेशन के विकसित होने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
आगरा मंडल में अधोसंरचना विकास की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्टेशन के बी श्रेणी क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित होने से रेल परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ बटेश्वर को बेहतर कनेक्टिविटी भी मिल सकेगी।
