बहराइच। विकास खंड पयागपुर के मोहम्मदपुर ककरहा गाँव का मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। हल्की सी बारिश होते ही सड़क जलमग्न हो जाती है और पूरे रास्ते पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन

हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूल वैन गाँव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में यह मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क का शीघ्र निर्माण या मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को जलभराव और कीचड़ से राहत मिल सके तथा बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।
जनहित में सवाल:
क्या मोहम्मदपुर ककरहा के ग्रामीणों को भी अच्छी सड़क का अधिकार मिलेगा, या हर बरसात में उन्हें इसी बदहाली का सामना करना पड़ेगा?
