संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय विवेक मालवीय के नेतृत्व में विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित भोजनालयों, भंडारों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं।

बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवराज सिंह और डॉ. मानवेंद्र सिंह की टीम ने कृष्ण देवपुर स्थित दयानंद गिरी चैरिटेबल ट्रस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को वितरित किए जा रहे हलवा, दम आलू और प्रसाद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) विवेक मालवीय ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर रही हैं।
इस दौरान भोजन बनाने की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने जैसी बातों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अच्छी गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराएं।
