संवाददाता – रामकुमार पुलिस दर्पण, कानपुर
कानपुर, 7 सितंबर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दवा कारोबारी विनीत विनोचा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार शाम मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कारोबारी का पूर्व घरेलू नौकर विशाल गौतम और उसका सहयोगी शामिल है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 63 वर्षीय दवा कारोबारी की उसके फ्लैट में हत्या की गई थी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। फुटेज में दोनों संदिग्धों को चाबी की मदद से फ्लैट में प्रवेश करते देखा गया था। पुलिस के मुताबिक वे रात करीब 9:38 बजे अंदर पहुंचे और कारोबारी के घर लौटने के बाद लगभग 11:28 बजे वहां से निकले।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। रविवार शाम पुलिस टीम की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस हत्याकांड ने शहर में सनसनी फैला दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
