संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। ज्ञानपुर कोतवाली में छात्रों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों के भविष्य का हवाला देते हुए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को निरस्त करने की मांग की।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि छात्र आंदोलनों से जुड़े मामलों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए। सपा नेताओं ने कहा कि छात्र देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उन्हें वापस लिया जाए, ताकि उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इस दौरान विधायक जाहिद बेग ने भी छात्रों के हितों की रक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन से न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी बात रखने का अधिकार है और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के अवसर पर आरिफ सिद्दीकी, विकास यादव, धर्मेंद्र मिश्रा सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
