
संवाददाता रोहित जैन, पुलिस दर्पण
जौनपुर। संवाददाता रोहित जैन, पुलिस दर्पण। जिले में मंदिरों से मूर्तियां और घंटे चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लाइन बाजार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की पीली धातु की तीन मूर्तियां तथा विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए 26 घंटे बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल की गई किआ सॉनेट कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव से की गई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी अलग-अलग मंदिरों की रेकी करने के बाद रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। बरामदगी के आधार पर मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों में हुई मंदिर चोरी की घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात कही गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन, ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी, रोहित गुप्ता, रामबाबू जायसवाल और एक अन्य रोहित गुप्ता शामिल हैं। सभी आरोपी जौनपुर जनपद के अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी के सामान की बिक्री और पूर्व में हुई घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई से मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों में राहत की भावना है।
