संवाददाता देशराज, पुलिस दर्पण
हमीरपुर। मौदहा कस्बे में ज्वेलर्स की दुकान से जेवरात से भरा बैग चोरी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर पुलिस की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को कपसा तिराहा के पास से गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमत और नन्हे कुंडा, निवासी शापुर मजरा गनीनगर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बाहरी जिलों में जाकर सराफा दुकानों की रेकी करने की बात बताई। आरोपी पहले दुकान और आसपास के माहौल की जानकारी जुटाते थे और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पिछले वर्ष अप्रैल में मौदहा कस्बे की एक सराफा दुकान से अपने साथियों के साथ जेवरात से भरा बैग चोरी करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में पुलिस आरोपियों के कुछ अन्य साथियों से चोरी का सामान पहले ही बरामद कर चुकी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नन्हे कुंडा के खिलाफ बांदा, रामपुर, गोरखपुर, मुरादाबाद और हमीरपुर में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, एनडीपीएस एक्ट, गैंग संबंधी अपराध, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
