पुलिस दर्पण संवाददाता : राकेश | झांसी
झांसी में पुलिस ने एक सनसनीखेज अपहरण कांड का खुलासा करते हुए महज सात घंटे के भीतर अपहृत कारोबारी को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की है, जहां मामूली कहासुनी के बाद कारोबारी विकास गुप्ता का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरे मामले का सफल खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात विकास गुप्ता अपने परिचितों के साथ थे। इसी दौरान दो लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों आरोपी पुलिस लिखी गाड़ी में पहुंचे और विकास को जबरन वाहन में बैठाकर ले गए। परिजनों ने तुरंत यूपी-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई।
पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की। लगातार अभियान चलाते हुए पुलिस ने सात घंटे के भीतर अपहृत कारोबारी को सकुशल बरामद कर लिया और घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने नशे की हालत में हुए विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन पर “पुलिस” लिखा होने का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया और इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।
झांसी पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने और अपहरण, महिला अपराध तथा संगठित अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
