कृष्ण चंद्र शुक्ला रिपोर्टर पुलिस दर्पण, बहराइच
बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपईडीहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीमांत डिग्री कॉलेज के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 52 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहजाद निवासी पुरानी बाजार, थाना रूपईडीहा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
