ब्यूरो रिपोर्ट रामकुमार कानपुर देहात
रसूलाबाद, कानपुर देहात। रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के तुलसीनगर कस्बे में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक 20 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक, तुलसीनगर में एक मकान के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा 20 वर्षीय कन्हैया काम के दौरान पानी से भरे गड्ढे के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पानी के गहरे गड्ढे से कन्हैया के शव को बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना को लेकर इलाके में शोक का माहौल है।
