आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। बिचपुरी बाजार में खरीदारी करने गई महिला के हैंडबैग से मोबाइल चोरी कर उसके खाते से 9,560 रुपये निकालने वाले आरोपी को जगदीशपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और निकाली गई नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को पीड़िता ने थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को वह बिचपुरी बाजार में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके हैंडबैग की चेन खोलकर मोबाइल फोन चोरी कर लिया। बाद में आरोपी ने मोबाइल के जरिए उनके खाते से 9,560 रुपये भी निकाल लिए।
मामले में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर रविवार को पुलिस ने मघटई तिराहे के पास से आरोपी अरुण पुत्र अनिल, निवासी ग्राम धनौली, थाना मलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन और 9,560 रुपये बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
