
लेखराज कौशल
हापुड़। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर बाइक और सड़क किनारे पंक्चर बनवा रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दंपती समेत फॉर्च्यूनर चालक और कार में सवार एक महिला घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:14 बजे फॉर्च्यूनर कार दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। हाईवे किनारे एक ट्रैक्टर पंक्चर की दुकान के पास खड़ा था और उसका टायर ठीक कराया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले उसने बाइक में टक्कर मारी और इसके बाद ट्रैक्टर से जा भिड़ी।
हादसे में बाइक सवार जाहिद निवासी सरूरपुर, गढ़मुक्तेश्वर और उनकी पत्नी इकराना खातून घायल हो गईं। वहीं फॉर्च्यूनर चालक वीरेंद्र तिवारी और कार में सवार मिथलेश शर्मा भी चोटिल हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
