संवाददाता धर्मेंद्र सिंह
अयोध्या। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या द्वारा 15 से 20 जुलाई तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूरे सप्ताह चले इस उत्सव में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बैंक की सामाजिक प्रतिबद्धता को साकार किया।

कार्यक्रमों की शुरुआत 15 जुलाई को कर्मचारियों के लिए आयोजित कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। इसके बाद 16 जुलाई को बैंक कर्मियों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रभक्ति, डिजिटल भारत एवं बैंकिंग सेवा जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
17 जुलाई को समाज में कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
18 जुलाई को आयोजित रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इसी दिन आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक सृजनशीलता का आकर्षक संगम प्रस्तुत किया।
स्थापना दिवस के मुख्य आयोजन के अंतर्गत 20 जुलाई को क्षेत्रीय प्रमुख शशांक एवं उप क्षेत्रीय प्रमुख सुशील कुमार शुक्ला के नेतृत्व में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अयोध्या नगर में भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्राहक सेवा, सामाजिक सहभागिता और बैंक की गौरवशाली विरासत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
इसके बाद सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूत करते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महंत श्री दिनेंद्र दास, क्षेत्रीय प्रमुख शशांक तथा उप क्षेत्रीय प्रमुख सुशील कुमार शुक्ला ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समारोह का एक विशेष आकर्षण सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान समारोह रहा। क्षेत्रीय कार्यालय में आमंत्रित सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर बैंक की प्रगति में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पूरे सप्ताह चले इस आयोजन में सेवा, समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस का यह आयोजन उत्साह, आत्मीयता और सामाजिक सरोकारों से परिपूर्ण रहा तथा बैंक की “नेतृत्व भरोसे का” की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता नजर आया।
