
संवाददाता – आलोक शुक्ला पुलिस दर्पण, मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर, 7 सितंबर। छपार थाना क्षेत्र में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रविवार को रेता नंगला गांव के जंगल में आरोपियों की पुलिस टीम से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वलीन और सलमान के रूप में हुई है। दोनों इस मामले में वांछित थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद करने का दावा किया है। मामले में मुख्य आरोपी समीर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि उसके दो सहयोगी फरार थे। उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
बताया गया कि किशोरी मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसे जबरन ले जाकर एक स्थान पर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
