ब्यूरो चीफ अवधेश कुमार
संभल : अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संभल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने फैक्ट्री से दो बने हुए तमंचे और 42 अधबने तमंचे बरामद किए हैं। इसके अलावा अवैध हथियारों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे तमाम उपकरण और सामान भी पुलिस ने मौके से बरामद किए।

मामले का खुलासा करते हुए संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस टीम को अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारकर हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों और उपकरणों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों के निर्माण और उनकी तस्करी करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
