ब्यूरो कार्यालय आगरा
घर में लाखों के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पहले ही दो आरोपी जा चुके हैं जेल…..

आगरा, 6 अगस्त (संवाददाता)। थाना सदर बाजार पुलिस ने घर में चोरी के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से दो अंगूठियां, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, 13 जोड़ी बिछिया, तीन नाक की बालियां तथा तीन पायल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को एक पीड़ित ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई की रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर बनवारी लाल उर्फ सूरज पुत्र मांगेलाल, निवासी सरवन नगर, सेवला जाट, आगरा को नैनाना ब्राह्मण डेयरी फार्म ग्राउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें दो सफेद धातु की अंगूठियां, एक लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, 13 जोड़ी बिछिया, तीन पीली धातु की नाक की बालियां तथा तीन सफेद धातु की पायल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले में शामिल राहुल शर्मा उर्फ टिन्नी और सनी उर्फ चेला को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सदर बाजार थाने में पहले से भी गंभीर आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सचिन, उपनिरीक्षक आकाश धामा, कांस्टेबल शिवम पांडे एवं कांस्टेबल कुलदीप सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
