अयोध्या। हल्दीराम स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड एवं हल्दीराम रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक श्री अमित अग्रवाल ने बुधवार को अपने परिवार के साथ अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी पहुंचकर संकटमोचन हनुमान जी महाराज का विधिवत दर्शन-पूजन किया।

दर्शन-पूजन के उपरांत श्री अमित अग्रवाल ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य महंत श्री संजय दास जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान महंत संजय दास जी महाराज ने श्री अग्रवाल एवं उनके परिवार के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
भेंट के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विषयों पर भी सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी दोनों का स्वागत किया। दर्शन-पूजन का कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
