
आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
लूट-चोरी पर प्रभावी अंकुश, वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर
आगरा। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त नगर द्वारा थाना हरीपर्वत स्थित सभागार कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ पुलिसिंग को और सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं और मामलों के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लूट और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विशेष जोर दिया गया। डीसीपी नगर ने सघन चेकिंग, रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी के साथ सक्रिय अपराधियों के संबंध में सूचना तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित, संवेदनशील और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी नगर ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए और जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी हो कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कानून का भय कायम रहे।
गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध तथा नगर जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे।
