
भदोही। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (AICMA) के मर्यादपट्टी स्थित एकमा भवन में शनिवार को ध्वजारोहण समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने शान से तिरंगा फहराया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया।
समारोह में भदोही विधायक जाहिद बेग भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। सभी को आपसी भाईचारा, एकता और सौहार्द बनाए रखते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में कालीन उद्योग से जुड़े लोगों ने राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया। अंत में देश की शांति, समृद्धि, एकता और निरंतर प्रगति की कामना की गई।
समारोह में संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जायसवाल, उपाध्यक्ष शमीम अंसारी, मानद संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, सुजीत कुमार जायसवाल, पंकज बरनवाल, एजाज अहमद अंसारी, शाहकार हुसैन और अकबर अली सहित जूट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी, संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।
