
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम शैलेश कुमार से की मुलाकात, अधिशासी अभियंता को भी सौंपा पत्र
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। गणेश उत्सव के बीच नगर में हो रही बिजली कटौती को लेकर श्री गणेश पूजा महासमिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने रात में हो रही बिजली कटौती से पूजा पंडालों और श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी से अवगत कराते हुए गणेश उत्सव तक कटौती में राहत देने की मांग की।
महासमिति की ओर से जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में कहा गया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। ऐसे में रात के समय बार-बार बिजली कटने से पूजा आयोजकों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। पदाधिकारियों ने गणेश उत्सव तक विद्युत आपूर्ति के रोस्टर में बदलाव कर रात की कटौती ना करने की मांग रखी।
इस पर जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि गणेश उत्सव को देखते हुए यथासंभव विद्युत आपूर्ति के रोस्टर में बदलाव कराया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में नगर पालिका परिषद भदोही के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल, गणेश पूजा महासमिति के संरक्षक विनीत बरनवाल, अध्यक्ष अरविंद मौर्य, महामंत्री आशीष चौहान, राहुल गौतम, उपाध्यक्ष अजय चौहान सहित महासमिति के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
