एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में महिला थाना परिसर स्थित नारी उत्थान केंद्र भवन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र की पहल एक बार फिर सफल रही।
शुक्रवार को आयोजित काउंसलिंग सत्र में आपसी मतभेदों के चलते अलगाव की स्थिति में पहुंच चुके एक परिवार को समझाइश एवं परामर्श के माध्यम से पुनः साथ रहने के लिए सहमत कराया गया।
परिवार परामर्श केंद्र के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद एवं आपसी मतभेद के कारण प्रकरण विचाराधीन था। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया गया तथा पारिवारिक जीवन में संवाद, विश्वास और आपसी सामंजस्य के महत्व से अवगत कराया गया।
परामर्श के उपरांत दोनों पक्षों ने अपनी पूर्व की गलतियों को स्वीकार करते हुए भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का संकल्प लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायालयीन विवादों से पूर्व आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करना तथा टूटते परिवारों को पुनः एकजुट करना है।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मवती, महिला उपनिरीक्षक सुनीता बाई, महिला मुख्य आरक्षी प्रीति शर्मा, महिला आरक्षी विनेश तथा काउंसलर श्रीमती पूनम यादव उपस्थित रहीं।
