पुलिस वर्दी, कूटरचित पहचान पत्र और फर्जी आवंटन पत्र बरामद
रिपोर्टर: पुलिस दर्पण
आजमगढ़, 18 सितम्बर 2026। थाना गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने स्वयं को पुलिस विभाग का सीओ अधिकारी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेका का फर्जी आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी तथा मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से आरोपी संजय ने शराब का ठेका दिलाने के नाम पर तीन लाख 20 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि उसने 30 अगस्त को पीड़ित से 90 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद आरोपी ने एक सितंबर को पुलिस वर्दी पहनकर वीडियो कॉल की और खुद को सीओ अधिकारी बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया। जांच में उसके पुलिस अधिकारी नहीं होने की जानकारी सामने आई।
मामले में 17 सितंबर को थाना गंभीरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 226/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 सितंबर को थाना गंभीरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने मुखबिर की सूचना और लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय पुत्र स्वर्गीय श्रीराम, निवासी मगरावा, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सीओ अथवा डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों को वीडियो कॉल करता था और अपने को पुलिस अधिकारी बताकर प्रभाव जमाता था। वह शराब का ठेका, नौकरी एवं अन्य कार्य कराने का झांसा देकर लोगों से धनराशि की मांग करता था।
आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017 में धोखाधड़ी का मुकदमा भी दर्ज होना बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम सहित थाना गंभीरपुर और साइबर सेल के कर्मचारी शामिल रहे।
4:35 AM

