संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 15 अगस्त 2026। जनपद भदोही में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी देकर अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश की ताकत उसकी एकता और भाईचारे में है। सभी लोगों को मिलकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना चाहिए और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया। आज हमारा कर्तव्य है कि हम देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा करते हुए अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभाएं। पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के कार्यों में भी सभी को भागीदारी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने वृक्षारोपण भी किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जिस जिम्मेदारी का दायित्व मिला है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशहित और जनहित में अपना शत-प्रतिशत योगदान देना ही सच्ची देशसेवा है।
जिलाधिकारी ने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने और बच्चों को अच्छे संस्कार देकर जिम्मेदार नागरिक बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना हमें पूरी दुनिया को एक परिवार मानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के लिए किए गए लाखों बलिदानों को याद करने और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने लोगों से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देने की अपील की।
शहीद परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पारसनाथ मौर्य के पुत्र कुंवर प्रमोद चन्द्र मौर्य, शहीद झूरी सिंह के प्रपौत्र रामेश्वर सिंह, शहीद सुलभ उपाध्याय के पिता अशोक उपाध्याय, शहीद शीतलपाल के पौत्र राजेश पाल तथा स्वतंत्रता सेनानी कपिलदेव द्विवेदी के पुत्र ज्ञानेन्दु द्विवेदी को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, विकास, आपदा प्रबंधन और अन्य क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, आपदा मित्रों और किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लोकगायक वशिष्ठ मिश्रा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन बी.एन. पाल और जया त्रिपाठी ने किया।
अस्पताल और जेल में बांटी मिठाई
स्वतंत्रता दिवस पर अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में ध्वजारोहण किया और नेहरू बाल उद्यान में वृक्षारोपण किया। इसके बाद महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल व मिठाई वितरित की।
अपर जिलाधिकारी ने जिला कारागार पहुंचकर बंदियों को भी फल और मिठाई बांटी तथा उन्हें अच्छे आचरण के लिए प्रेरित किया। कारागार के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर ने गोपीगंज स्थित वृद्धजन आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल और मिठाई वितरित की तथा उनका हालचाल जाना।
जिलेभर में गूंजा वंदे मातरम्
स्वतंत्रता दिवस पर जिला जज, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया।
गांवों में ग्राम प्रधानों और सचिवों ने ग्राम सचिवालयों में तिरंगा फहराया। स्कूलों और कॉलेजों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जनपद में तिरंगा शान से लहराता रहा और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।
