प्रिंस गुप्ता, मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 27 जुलाई। अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को ज्ञानपुर में निषाद पार्टी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे को सौंपा। इस दौरान विधायक विपुल दुबे भी धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठे और उनकी मांगों का समर्थन किया।

सभा को संबोधित करते हुए निषाद पार्टी के आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष मिठाईलाल केवट ने कहा कि निषाद समाज अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि निषाद, मछुआ, केवट, बिंद, मल्लाह समेत सभी पारंपरिक जलजीवी समुदायों को अनुसूचित जाति का आरक्षण मिलना चाहिए, जिससे समाज को उसका उचित अधिकार और सामाजिक न्याय प्राप्त हो सके।
उन्होंने वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निषाद समाज को राजनीतिक पहचान, सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य डॉ. संजय निषाद ने किया है। समाज भली-भांति जानता है कि उसके हितों के लिए किसने लगातार संघर्ष किया है।
कार्यकर्ताओं ने सरकार से निषाद समाज की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
