
आगरा ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
पर्यटकों को घेरना पड़ा भारी, पर्यटन पुलिस ने 5 को दबोचा
ताजमहल घुमाने, होटल बुकिंग और गाइड दिलाने के नाम पर पर्यटकों को कर रहे थे परेशान; न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
आगरा। दुनिया के मशहूर स्मारक ताजमहल की सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा को लेकर पर्यटन पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरकर परेशान करने वाले पांच लपकों/हॉकरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद ताज क्षेत्र में पर्यटकों को अनावश्यक रूप से घेरने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, ताजमहल के आसपास कुछ लोग पर्यटकों को घेरकर उन्हें ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने और गाइड उपलब्ध कराने सहित अन्य सेवाओं के नाम पर परेशान कर रहे थे। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पर्यटन पुलिस ने गश्त और चेकिंग तेज कर दी।
19 सितंबर को पुलिस टीम को ऐसे ही लपकों के सक्रिय होने की सूचना मिली। सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पर्यटन अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और पांच लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पांच पर कसा पुलिस का शिकंजा
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश बघेल, उवैस हुसैन, अजीम, अनुज पाल और पृथ्वीराज शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।
पर्यटकों को परेशान किया तो होगी कार्रवाई
पर्यटन पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों को अनावश्यक रूप से घेरने और परेशान करने वालों पर पुलिस की नजर है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पर्यटन स्थलों के आसपास लगातार गश्त और चेकिंग की जा रही है। पुलिस का जोर पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।
पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक विपिन कुमार तथा कांस्टेबल विवेक कुमार, अभिषेक कुमार, केशव यादव, गौरव कुमार और सूरज शामिल रहे।
ताजमहल के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वालों के खिलाफ पर्यटन पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
