रामपुर। हसनपुर विधानसभा क्षेत्र-42 के ग्राम रहरा स्थित थाना परिसर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गंगेश्वरी राजेंद्र सिंह खड़कवंशी ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह खड़कवंशी ने कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, शुद्ध वातावरण, जल संरक्षण और संतुलित जलवायु के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य देने के लिए आज से ही हमें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।”


उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो देश को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, होमगार्ड जवानों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” तथा “वृक्ष ही जीवन हैं” जैसे संदेशों के साथ हरियाली बढ़ाने का प्रण लिया।
ब्लॉक प्रमुख ने अंत में कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सुरक्षा है। उन्होंने सभी से अपील की कि वर्षा ऋतु के इस अनुकूल समय में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखें।
“वृक्ष ही जीवन हैं – अपने जीवन में एक वृक्ष अवश्य लगाएं।”
