संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
गोपीगंज, भदोही । जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर रविवार को जिले में चीनी के थोक और फुटकर विक्रेताओं की दुकानों पर जांच अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर चीनी के स्टॉक और बिक्री से जुड़े अभिलेखों की जांच की।

जांच टीम में उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक, खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, मंडी समिति गोपीगंज और राज्य कर विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
टीम ने गोपीगंज क्षेत्र में भोला नाथ एंड संस, केशरवानी भंडार, पवन ट्रेडर्स, आरपी ट्रेडर्स, श्री बालाजी एंटरप्राइजेज, रामचंद्र ब्रदर्स, कामता नाथ ट्रेडर्स, शिवम भंडार और न्यू माखन भोग समेत नौ प्रतिष्ठानों की जांच की। इसके अलावा औराई में प्रकाश ट्रेडर्स और भदोही में प्रमोद किराना स्टोर का भी निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान किसी भी दुकान पर चीनी का स्टॉक निर्धारित सीमा से अधिक नहीं मिला। अधिकारियों ने व्यापारियों को स्टॉक और बिक्री से संबंधित सभी कागजात सही तरीके से रखने के निर्देश दिए।
व्यापारियों को foodstock.dfpd.gov.in पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने और प्रत्येक शुक्रवार को दुकान में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया है। इसके साथ ही स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और बिल आदि सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने दुकानदारों से प्रतिष्ठान पर उपलब्ध चीनी की मात्रा, बिक्री दर और जीएसटी नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा। निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने या जांच में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
