
आगरा ब्यूरो कार्यालय संवाददाता
प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी ने क्रू बुकिंग लॉबी व रनिंग रूम का किया निरीक्षण, लोको पायलटों को असामान्य परिस्थितियों में सतर्कता बरतने के दिए निर्देश…
आगरा। सुरक्षित रेल संचालन को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी राघवेंद्र के. शर्मा ने शनिवार को आगरा मंडल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रू बुकिंग लॉबी और रनिंग रूम का जायजा लेते हुए लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर की कार्यप्रणाली तथा रनिंग स्टाफ को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।
इसके बाद मंडल कार्यालय के समीक्षा सभागार में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित अन्य शाखा अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्य लोको निरीक्षकों, लोको पायलटों और सहायक लोको पायलटों के साथ संरक्षा सेमीनार आयोजित किया गया।
सेमीनार में प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी ने रेल कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी असामान्य परिस्थिति में निर्धारित प्रक्रियाओं और सावधानियों का पालन करना बेहद जरूरी है।
इस दौरान अवपथन की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियां, ग्रेडिएंट सेक्शन में ट्रेन के खड़े होने, लोड एवं लोको स्टेबलिंग के दौरान आवश्यक सतर्कता तथा सिगनल की अनुपालना जैसे महत्वपूर्ण संरक्षा विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्री शर्मा ने लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें भी सुनीं। कर्मचारियों द्वारा उठाए गए बिंदुओं के समाधान के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक पहल किए जाने का आश्वासन दिया।
सेमीनार के अंत में मंडल के अधिकारियों और रनिंग स्टाफ ने सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
