आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार…….

आगरा। शादी के महज साढ़े चार महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री की शादी 15 फरवरी 2026 को अरफात उर्फ आबू कुरैशी निवासी अरशद गली, ताजगंज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अरफात पत्नी को लेकर शहीद नगर में किराये के मकान में रहने लगा और लगातार दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था।
परिजनों के मुताबिक, 2 जुलाई की शाम करीब चार बजे अरफात ने फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में बीएनएस की संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सदर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति अरफात उर्फ आबू कुरैशी को सोलंकी मार्केट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवविवाहिता की मौत के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
