आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
पुलिस को देखते ही सुनसान रास्ते की ओर भागने लगा आरोपी, 2.160 किलोग्राम गांजा बरामद; एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे पहले से दर्ज
आगरा। कमिश्नरेट की सदर बाजार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.160 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रोहता नगर क्षेत्र में चेकिंग और गश्त के दौरान एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह शमशाबाद रोड से मुड़कर सुनसान कच्चे रास्ते की ओर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर हिरासत में ले लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त, सदर की मौजूदगी में थैले की तलाशी लेने पर उसमें 2.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सदर बाजार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश पुत्र भूप सिंह, निवासी जगनेर, आगरा (वर्तमान पता- नगला परसोती, थाना सदर बाजार) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके नशे के कारोबार से लंबे समय से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोहित मलिक, अरुण बिलगैया, शिवम राठी तथा कांस्टेबल विनीत भाटी और गौरव शर्मा की टीम ने की।
